नगर निगम की कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप , 80 किलो प्लास्टिक बैग जब्त
देहरादून
नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक बिक्री और उपयोग करने वालों के खिलाफ अभियान चालया। टीम ने सात हजार प्लास्टिक गिलास और 80 किलो प्लास्टिक बैग जब्त किए। नगर निगम की कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। शनिवार को अभियान हनुमान चौक, दर्शनी गेट, मोती बाजार और सब्जी मंडी आदि क्षेत्रों में चलाया गया। टीम ने एक-एक व्यापारिक प्रतिष्ठान में चेकिंग की। कुछ दुकानों में प्लास्टिक के गिलास तो कुछ में प्लास्टिक के बैग मिले। टीम ने प्लास्टिक को जब्त किया। मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना ने बताया कि व्यापारियों को प्लास्टिक की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए हैं। यह भी चेताया कि भविष्य में यदि प्लास्टिक मिला तो दो लाख रुपये तक जुर्माना वसूला जाएगा। प्लास्टिक बैग यूज करने वालों से प्रति बैग 100 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। बताया कि निगम ने जनवरी से लेकर अभी तक 633 चालान किए है और एक लाख पच्चीस हजार का जुर्माना भी वसूला है। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियाग आगे भी जारी रहेगा।
