प्रसूता की मौत मामले में सीओ से की कार्रवाई की मांग
रुड़की
अस्पताल में प्रसव के बाद हुई विवाहिता की मौत के मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ दो हफ्ते बाद भी कार्रवाई नहीं होने से नाराज लोगों ने सीओ से शिकायत की। इसमें अस्पताल संचालक व एक महिलाकर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। सीओ ने डॉक्टरों के पैनल की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया।
डौसनी के भारत पुत्र धीरसिंह की शादी करीब दो साल पहले अकौढा गांव के लोजीराम की बेटी पिंकी से हुई थी। इसी 9 अप्रैल में भारत ने पत्नी पिंकी को प्रसव के लिए लक्सर के अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया था। रात में बेटा पैदा होने के कुछ घंटे बाद पिंकी की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद भारत ने अस्पताल संचालक ईश्वरपाल और अस्पताल की महिलाकर्मी पूजा उपाध्याय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।भारत व उसके परिवार के लोग तहसील मुख्यालय पहुंचे और सीओ बहादुर सिंह चौहान से मिले। उन्होंने शिकायत की कि मामले में दो सप्ताह गुजर चुके हैं लेकिन पुलिस ने अभी तक एक भी नामजद आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। सीओ से मिलने वालों में इलम सिंह, मंगतू, ब्रिजेश कुमार, दलीप सिंह, राजवीर, रामरति, रोनू, मेनका, कार्तिक, लोचीराम, मोहकम सिंह, जितेंद्र कुमार आदि थे।
