पछुवादून की केदारावाला पंचायत को मिले तीन राष्ट्रीय पुरस्कार
विकासनगर
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर जम्मू कश्मीर राज्य की पाली पंचायत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्राम पंचायतों को राष्ट्रीय पुरस्कारों की घोषणा की है। इसमें पछुवादून की केदारावाला पंचायत को तीन राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। पुरस्कार मिलने से पूरे पछुवादून में खुशी की लहर है। केदारावाला पंचायत को नाना जी देशमुख गौरव ग्राम सभा पुरस्कार के तहत दस लाख रुपये, पंडित दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार के तहत आठ लाख रुपये और चाइल्ड फ्रेंडली पुरस्कार के तहत पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। सभी पुरस्कार पंचायत राज विभाग उत्तराखंड की ओर से काशीपुर में आयोजित कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदान किए। अल्पसंख्यक बाहुल्य ग्राम पंचायत होने वाले केदारावाला ने सड़क, शिक्षा, पेयजल, स्वच्छता, कृषि, सिंचाई, उद्यानिकी, भूमि संरक्षण, कौशल विकास, गरीबी उन्मूलन, अक्षय ऊर्जा, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, महिला एवं बाल विकास आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है। डिजिटल आंगनबाड़ी केंद्र, कुपोषण मुक्ति अभियान, पोषण वाटिका के निर्माण के चलते पंचायत को चाइल्ड फ्रेंडली पुरस्कार दिया गया। पंचायत में सड़कों का निर्माण, पथ प्रकाश की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, पंचायत में जवाबदेही प्रणाली विकसित करने, बंजर भूमि में लेमनग्रास उत्पादन, महिलाओं के लिए रोजगार परक प्रशिक्षण मुहैया कराने के लिए नानाजी देशमुख गौरव ग्राम सभा पुरस्कार दिया गया। जबकि ग्राम पंचायत में पारदर्शिता को बढ़ावा देने, पंचायत को अध्ययन केंद्र के तौर पर विकसित करने पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार दिया गया। ग्राम प्रधान तब्बसुम ने काशीपुर में पुरस्कार ग्रहण किए। पूर्व प्रधान इमरान खान ने कहा कि केदारावाला को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने से अन्य पंचायतों को भी प्रेरणा मिलेगी।
