मकान मालिकों से नौ लाख दस हजार रुपये का अर्थदंड वसूला
विकासनगर
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चलाये जा रहे सत्यापन अभियान के तहत सहसपुर पुलिस ने ठेली, फड़, फेरी लगाने, विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे श्रमिकों आदि का सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान पाया गया कि 91 मकान मालिकों ने अपने मकानों पर रह रहे किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 91 मकान मालिकों पर दस हजार रुपये प्रति के हिसाब से जुर्माना काटकर नौ लाख दस हजार रुपये का अर्थदंड वसूल किया है। पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर बाहरी राज्यों से प्रदेश में किराये के मकानों में रहने चालक, मजदूर, रेहड़ी, ठेली, फड़, फेरी लगाने सहित विभिन्न व्यवसायों में लगे लोगों का पुलिस दस दिवसीय सत्यापन अभियान चला रही है। सघन अभियान में एसओ, एसएसआई, आठ एसआई सहित 29 पुलिस कर्मियों की टीम जुटी है। टीम ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों स्थित लॉ कॉलेज, शंकरपुर,चोई बस्ती, रामपुर, बड़ा गोहर, महमूदनगर, टीचर्स कॉलोनी, शंकरपुर डीआईएमएस क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान 91 मकान मालिकों ने अपने मकानों में रखे गये किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया। जिनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नौ लाख दस हजार रुपये का अर्थदंड वसूल किया है। उक्त धनराशि को सरकारी कोष में जमा किया जायेगा। थानाध्यक्ष विनोद राणा ने बताया कि सत्यापन की कार्रवाई लगातार जारी है।
