महापंचायत को लेकर टकराव, धारा 144 लागू
रुड़की
काली सेना की ओर से डाडा जलालपुर गांव में बुधवार को प्रस्तावित महा पंचायत को लेकर टकराव की स्थिति बन गई है। काली सेना के राज्य संयोजक दिनेशानंद भारती ने डाडा जलालपुर पहुंचकर महा पंचायत की तैयारियों की जानकारी ली। काली सेना महा पंचायत पर अड़ी है जबकि प्रशासन ने गांव के आसपास धारा 144 लागू कर दी है। 16 अप्रैल को डाडा जलालपुर गांव में हनुमान जन्मोत्सव के दौरान निकाली जा रही शोभायात्रा को लेकर दो पक्षों के बीच टकराव हो गया था। काली सेना के राज्य संयोजक दिनेशानंद भारती ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ बैठक कर आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई किए जाने की मांग की थी। उन्होंने 27 अप्रैल को गांव में महा पंचायत का ऐलान किया था। मंगलवार को भी काली सेना के राज्य संयोजक दिनेशानंद भारती ने गांव डाडा जलालपुर पहुंचकर महा पंचायत की तैयारियों की जानकारी ली। बताया कि महापंचायत डाडा जलालपुर में ही आयोजित की जाएगी। एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी ने बताया कि डाडा जलालपुर और आसपास के गांवों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 लगाई गई है। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि गांव में मुनादी करा दी गई है कि गांव में 144 धारा लागू कर दी गई है।
