ट्रैक्टर के नाले में पलटने से चालक की मौत

रुड़की

झींवेरहेड़ी गांव में खेत की मिट्टी खींचते समय ट्रैक्टर के नाले में पलटने से चालक उसके नीचे दब गया। आस-पास के किसानों ने युवक को किसी तरह बाहर निकाला और पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र के गांव झींवेरहेड़ी निवासी विपिन(भगत) 28 वर्ष पुत्र ईश्वरचन्द गुरुवार सुबह खेत में मिट्टी खींचकर खेत को समतल करने का काम कर रहा था। खेत के पास नाला होने के चलते करीब 11 बजे नाले के पास की मिट्टी में ट्रैक्टर का एक पहिया धंस गया। इसके चलते ट्रैक्टर पलट गया। ट्रैक्टर के साथ ही विपिन भी नाले में गिर गया और ट्रैक्टर के नीचे दब गया। नाले में पानी होने के चलते विपिन सांस नहीं ले पाया। ट्रैक्टर को पलटता देख आस-पास के किसान और गांव वाले बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में युवक को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला गया। बदहवास हालत में युवक को स्थानीय अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल जाकर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गांव लाकर युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस मामले की जानकारी से इंकार कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *