रूस ने किया विक्ट्री डे का रिहर्सल
मास्को
पिछले 2 महीने से लगातार यूक्रेन पर मिसाइलों और विनाशकारी बमों की बरसात करने वाला रूस अब अमेरिका और नाटो देशों को बड़ी चेतावनी देने जा रहा है। वह 9 मई को होने वाले सालाना विक्ट्री डे में ऐसे प्लेन को उतारने जा रहा है, जिसे दुनिया प्रलयकारी प्लेन मानती है। इस प्लेन को विक्ट्री डे परेड में शामिल करने का सीधा अर्थ दुनिया को यह चेतावनी देना है कि वे यूक्रेन युद्ध में टांग न अड़ाएं वर्ना रूस उनसे किसी भी कीमत पर बदला ले सकता है।
रूस के इस प्रलयकारी प्लेन का नाम आईएल-80 है। यह रूस का सबसे खतरनाक स्ट्रेटजिक फाइटर जेट प्लेन है, जिसे न्यूक्लियर वार में दुश्मन का नामोंनिशान खत्म कर देने के उद्देश्य से बनाया गया है। अमेरिका समेत दुनिया के कई देश इस प्लेन को बेहद खतरनाक और मानवता के लिए खतरा मानते हैं। रूस का यह रणनीतिक विमान 9 मई को होने वाली नेशनल विक्ट्री डे परेड में मॉस्को के ऊपर उड़ान भरेगा। दो मिग -29 जेट विमान इस महाबलशाली विमान को एस्कॉर्ट करते हुए चलेंगे। रिहर्सल परेड में इस विनाशकारी विमान को शहर के ऊपर से उड़ते देखा गया।
रूस हर साल 9 मई को नाजी जर्मनी के खिलाफ सेकंड वर्ल्ड वार में सोवियत संघ की जीत पर नेशनल विक्ट्री डे मनाता है। इस साल इसकी 77वीं वर्षगांठ है। रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने कहा कि इस बार की परेड में लगभग 11,000 जवान भाग लेंगे। उनके साथ ही 131 प्रकार के हथियार और सैन्य उपकरण के साथ-साथ 77 विमान इस साल रेड स्क्वायर से गुजरेंगे।
