17से 23 मई तक रहेगी ग्रीष्मोत्सव की धूम
पौड़ी
शहर में 17 से 23 मई तक ग्रीष्मोत्सव की धूम रहेगी। ग्रीष्मोत्सव में लोककलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। ग्रीष्मोत्सव में राष्ट्रीय स्तर की फुटबाल प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। ग्रीष्मोत्सव में पहली बार पतंगबाजी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। ग्रीष्मोत्सव में सीएम पुष्कर सिंह धामी को आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही सभी मंत्रियों को भी बुलाया जाएगा। पौड़ी के नगरपालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम ने बताया कि शहर में 17 से 23 मई तक ग्रीष्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा। बताया कि ग्रीष्मोत्सव के तहत कैरम, शतरंज, बेबी शो, बैडमिंटन, अल्पना आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। बताया कि 17 मई को सलामी रूट मार्च व झाकियों के साथ ग्रीष्मोत्सव का उद्घाटन किया जाएगा। 17 मई को रामलीला मैदान में स्थानीय क्लबों द्वारा सांस्कृतिक संध्या प्रस्तुत की जाएगी। 18 व 19 मई को स्थानीय शिक्षण संस्थाओं, 20 को अनिल बिष्ट, मनोज रावत अंजुल व पदमेंद्र नेगी द्वारा गीत संध्या प्रस्तुत की जाएगी। 21 मई को हिंदी गीत संध्या, 22 को प्रीतम भरतवाण व साथियों द्वारा गीत संध्या व 23 को हेमंत बृजवासी व साथियों द्वारा हिंदी गीत संध्या की प्रस्तुति दी जाएगी। बेनाम ने बताया कि पहली बार पतंगबाजी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
