निर्धन परिवार की बेटियों की शादी में बर्तन दिए
रुड़की
लक्सर में अकबरपुर ऊद गांव के पास श्री फाउंडेशन ट्रस्ट की सीमेंट यूनिट लगी है। ट्रस्ट की तरफ से यूनिट के सीएसआर फंड से आसपास के गांवों मे गरीब परिवार की बेटियों की शादी में सहयोग किया जाता है। मंगलवार को भी ट्रस्ट की तरफ से एसडीएम गोपाल राम बिनवाल ने शादी में रसोईघर के बर्तनों के सेट भेंट स्वरूप दिए गए। उन्होंने कहा कि भगवान ने जिन लोगों को समर्थ बनाया है, उन्हें मानवता का परिचय देते हुए आगे आकर गरीब, निर्धन लोगों की मदद करनी चाहिए। यूनिट के अतिरिक्त महाप्रबंधक आलोक मोरोलिया ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा देहात में बालिकाओं को निशुल्क कंप्यूटर सिखाने के साथ ही उन्हें रोजगारपरक शिक्षा देने की व्यवस्था भी ट्रस्ट की तरफ से की गई है। इस मौके पर अश्विनी शर्मा, नरेश चौधरी, नवीन कुमार आदि मौजूद रहे।
