कुर्सी पर सोता मिला गन्ना समिति के कर्मचारी

रुड़की

लक्सर गन्ना परिषद व गन्ना समिति अध्यक्ष ने मंगलवार को गन्ना समिति कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण में एक कर्मचारी कुर्सी पर पैर रखकर सोता मिला। तीन कर्मचारी बिना सूचना अनुपस्थित मिले, जबकि 11 हस्ताक्षर के बावजूद कार्यालय में नहीं मिले थे। निरीक्षण की रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी गई है।
इस समय लक्सर चीनी मिल का पेराई सत्र अंतिम चरण में है। किसान जल्दी से जल्दी अपना बाकी बचा हुआ गन्ना मिल को आपूर्ति करने में लगे हैं। गन्ना आपूर्ति के लिए किसान भारी संख्या में गन्ना समिति पर पर्चियां लेने आ रहे हैं। मंगलवार दोपहर बाद गन्ना परिषद अध्यक्ष राजेंद्र सिंह और गन्ना समिति अध्यक्ष जितेंद्र नागर ने गन्ना समिति के कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय में मौजूद एकमात्र लिपिक कुर्सी पर पैर फैलाकर सोता मिला। उन्होंने समिति कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर देखा। रजिस्टर में 50 कर्मचारियों के नाम दर्ज थे। उन्होंने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर से मिलान किया, तो तीन कर्मचारी बिना किसी सूचना के गैरहाजिर निकले। इनके अलावा 11 ऐसे भी कर्मचारी थे, जिनकी रजिस्टर में हाजिरी लगी थी, पर वे कार्यालय में मौजूद नही थे। कर्मचारियों की मनमानी पर गन्ना समिति और गन्ना परिषद अध्यक्ष ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि निरीक्षण की रिपोर्ट सहायक गन्ना आयुक्त के माध्यम से आयुक्त गन्ना एवं चीनी उद्योग को भेजी जा रही है। रिपोर्ट में गैरहाजिर कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने के बाद कार्रवाई करने की संस्तुति की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *