प्रशासन दे रहा बेहतर यात्री व्यवस्थाएं: पोस्ती
रुद्रप्रयाग
बदरी-केदार मंदिर समिति के सदस्य एवं वरिष्ठ तीर्थपुरोहित श्रीनिवास पोस्ती ने कहा कि वर्तमान में केदारनाथ की यात्रा चरम पर है। छह दिन में ही एक लाख से अधिक यात्री दर्शन कर चुके हैं। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यात्रा किस उत्साह से चल रही है।
पोस्ती ने जिला प्रशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में यात्री आने के बाद भी प्रशासन बेहतर व्यवस्था में कामयाब हो रहा है। केदारनाथ धाम में रहने और खाने-पीने की अच्छी व्यवस्थाएं है। मेडिकल सुविधा भी बेहतर है। शौचालय बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह यात्रा शुरू होने के दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वामी अवधेशानंद सरस्वती महाराज, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी महाराज धाम आए, उससे अच्छा संदेश गया है। पोस्ती ने कहा कि केदारनाथ विधायक शैलारानी के प्रयासों से स्थानीय लोगों को पैदल रास्ते के साथ ही केदारनाथ में दुकानें संचालित करने का मौका मिला है, जिससे लोग आर्थिक रूप से मजबूत होंगे। कहा कि कुंभ की तर्ज पर यात्रा चल रही है। सभी को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि ऐसे ही आगे भी यात्रा के बेहतर संचालन के लिए बाबा केदार से प्रार्थना कर रहे हैं।
