मेयर की संवेदनहीनता व अधिकारियों की लापरवाही से नगर निगम बेहाल : अनिरूद्ध भाटी

हरिद्वार

नगर की बदहाल सफाई व्यवस्था व वार्डों में दवाओं के छिड़काव व फॉगिंग की उचित व्यवस्था न होने से आक्रोशित भाजपा पार्षदों ने भाजपा पार्षद दल के उपनेता अनिरूद्ध भाटी के नेतृत्व में नगर निगम गैराज का मौका-मुआयना कर वाहनों की बदहाल स्थिति का निरीक्षण किया।
भाजपा पार्षद दल के उपनेता अनिरूद्ध भाटी ने कहा कि मेयर की संवेदनहीनता व निगम अधिकारियों की लापरवाही से नगर निगम बेहाल है। वार्डों में निजी कम्पनियां सही ढंग से कूड़ा नहीं उठा रही हैं। तो दूसरी ओर कीटनाश दवाओं का छिड़काव व फॉगिंग का कार्य भी समुचित रूप से वार्डों में नहीं हो रहा है। अनिरूद्ध भाटी ने कहा कि मेयरपति नालों में घुसकर सफाई की नौटंकी करते थे आज तक अपने साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में मेयर महोदया ने नगर निगम कार्यालय व गैराज का स्थलीय निरीक्षण नहीं किया। गैराज में नाला सफाई करने की नयी मशीन कण्डम हालात में खड़ी है। मेयर मात्र अपने पति के हाथों की कठपुतली बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि गैराज में अनेक वाहन छोटी-छोटी कमियों के कारण खड़े हुए हैं। किसी वाहन में पेंचर है तो किसी वाहन में वेल्डिंग का कार्य होना है तो किसी वाहन में ब्रेक शू डलने है। जिस कारण शहर की सफाई व्यवस्था, दवाओं का छिड़काव प्रभावित हो रहा है। लोडर, ट्रैक्टर, बैटरी कूड़ा वाहन, डम्पर समेत अनेक वाहन अनुरक्षण के अभाव में निगम गैराज में धूल फांक रहे हैं। भाजपा पार्षद चंदा एकत्र कर स्वयं अपने खर्च पर वाहनों की मरम्मत करवायेंगे।
पार्षद विनित जौली ने कहा कि मरम्मत के नाम पर लाखों का रूपये का भुगतान बाहर के गैराज को दिया जा रहा है वहीं दूसरी ओर विगत 22 वर्षों से गैराज में कार्यरत संविदा मिस्त्री को जो अल्प वेतन पर नगर निगम की गाड़ियों की मरम्मत कर रहे हैं उन्हें हटाने की तैयारी की जा रही है जिसे भाजपा पार्षद दल कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। गैराज के अधिकारियों को अपनी कार्यशैली में सुधार करना होगा। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में एमएनए, जिलाधिकारी व शहरी विकास मंत्री को अवगत कराया जायेगा।
भाजपा मण्डल अध्यक्ष पार्षद प्रतिनिधि मयंक गुप्ता ने कहा कि जिस आशा व विश्वास के साथ हरिद्वार की जनता ने मेयर अनिता शर्मा को मेयर की कुर्सी पर बैठाया था वह उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी हैं। उनका कार्यकाल बेहद निराशाजनक रहा है। उनकी अकुशलता का खामियाजा शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है। वार्डों में दवाओं का छिड़काव नहीं हो रहा है, वहीं दूसरी ओर निगम में छिड़काव करने वाला वाहन मरम्मत के अभाव में धूल फांक रहा है। निगम के गैराज का यदि मेयर महोदया व अधिकारियों ने निरीक्षण किया होता तो आज शहर की सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद होती।
पार्षद मोनिका सैनी व रेणु अरोड़ा ने कहा कि वार्डों में कूड़े के ढेर लगे हुए है। वहीं नगर निगम गैराज में कूड़ा उठाने वाले वाहन मात्र शो-पीस बनकर खड़े हैं, इससे मेयर का नकारापन साबित होता है। उन्होंने कहा कि आगामी बोर्ड बैठक में भाजपा पार्षद गैराज की बदहाल स्थिति में सुधार की आवाज उठायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *