जीवन के उस मुकाम पर हूं जहां अच्छा कॉन्टेंट चुन सकता हूं : अर्जुन रामपाल

‘लंदन फाइल्स’ में अपने किरदार डिटेक्टिव ओम सिंह के लिए तारीफें बटोर चुके अर्जुन रामपाल अब ‘धाकड़’ में एक खतरनाक विलेन रुद्रवीर के रूप में नजर आयेंगे।
इस फिल्म में वह एक अंतरराष्ट्रीय जासूस का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में उनके लुक ने इंटरनेट पर जबरदस्त धूम मचाई हुई है।
इसमें कोई दो राय नहीं है कि अर्जुन रामपाल एक बहुत ही बेहतरीन कलाकार हैं।
उन्होंने हमेशा से दमदार कहानियां चुनी हैं और अपने अभिनय से लोगों का दिल भी जीता है।
पिछले कुछ सालों में अर्जुन ने बहुत ही यादगार किरदार निभाये हैं। फिल्म रॉक ऑन में निभाए गए उनके किरदार जोसेफ मस्कारेनहास के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
अन्य किरदारों की बात करें तो वे कभी फिल्म राजनीति में पृथ्वीराज प्रताप बने तो कभी फिल्म कहानी-2 में डिटेक्टिव इंद्रजीत बने। कभी रा वन के विलेन तो कभी ओम शांति ओम में प्रोड्यूसर मुकेश मेहरा बने, और फिर लंदन फाइल्स में डिटेक्टिव ओम सिंह। इन सभी किरदारों ने लोगों के दिलों पर एक अलग छाप छोड़ दी है।
अर्जुन ने हाल ही में इस बात का खुलासा किया कि वे चुनिंदा फिल्मों का हिस्सा क्यों बनाना चाहते हैं, और अपनी फिल्में कैसे चुनते हैं।
एक्टर कहते हैं, मैं हमेशा से अच्छी स्टोरी और अच्छी स्क्रिप्ट को अहमियत देता हूं। मैं अपने जीवन के उस पड़ाव पर पहुंच गया हूं जहा मुझे अच्छे काम को चुनना है, न की जो मिले उसे करना है। भगवान की कृपा से आज मैं उस स्थान पर पहुंच चुका हूं जहां मेरे पास च्वाइस और ऑप्शन दोनों ही हैं, इसलिए उम्मीद है कि हर बार जब आप मुझे बड़े या छोटे पर्दे पर देखेंगे तो ‘धाकड़’ जैसी कुछ अच्छी फिल्मों के साथ देखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *