रोहित को फार्म हासिल करने की उम्मीदें
मुंबई
मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित शर्मा ने माना है कि आईपीएल सत्र में वह अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर पाये हैं पर कहा कि थोड़े बदलाव से ही वह अपना फार्म हासिल कर लेंगे। राहित आईपीएल के इस 15 वें सत्र में बड़ी पारी नहीं खेल पाये हैं। इसी कारण उनकी टीम प्लेऑफ में भी नहीं पहुंच पायी। इस सत्र में वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाये और 14 मैचों में 19.14 के औसत और 120.17 के स्ट्राइक रेट से उन्होंने केवल 248 रन ही बनाये हैं। रोहित ने कहा, ‘‘बहुत सी चीजें जो मैं इस सत्र में करना चाहता था, उन्हें मैं नहीं कर पाया। मैं इस सत्र में अपने प्रदर्शन से बहुत निराश हूं हालांकि ऐसा मेरे साथ पहले भी हुआ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि क्रिकेट यहीं समाप्त नहीं होता, आगे हमें अभी काफी क्रिकेट खेलनी है। इसलिए मुझे खेल के मानसिक पहलू पर ध्यान देना होगा। इससें मेरी लय वापस आ जाएगी। मुझे इस पर विचार करना है कि किस प्रकार फॉर्म में वापसी कर बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है।’’
रोहित ने कहा, ‘‘इसके लिए थोड़े बदलाव करने होंगे और जब भी समय मिलेगा मैं इन पर काम करने की कोशिश करूंगा।’’ इस सत्र में टीम ने केवल चार मैच जीते हैं। रोहित ने कहा, ‘‘यह सत्र हमारे लिए निराशाजनक रहा क्योंकि टूर्नामेंट की शुरुआत से ही हम अपनी रणनीति के अनुसार काम नहीं कर पाये जबकि आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में आपको लय बनानी होती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘शुरू में जब हम एक के बाद एक मैच हार रहे थे तो वह मुश्किल दौर था। हमारे लिये यह तय करना अहम था कि हमने जो भी रणनीति बनायी थी, हम उसके अनुसार चलें पर हम जैसा चाहते थे यह वैसा नहीं हुआ।’’ रोहित ने साथ ही कहा कि जब आपके पास एक नयी टीम होती है तो इस प्रकार के हालात बनते ही हैं।
