टीवी अभिनेत्री अमरीना भट की हत्या, पिता ने बयां किया दर्द, बोले- शूटिंग के लिए बुलाया था बाहर
श्रीनगर
कश्मीर में आतंकियों की बढती सक्रियता और खून-खराबे ने आम लोगों में दहशत पैदा कर दी है। यहां के बडगाम जिले के चाडूरा इलाके में बुधवार की देर रात आतंकवादियों ने एक कश्मीरी टीवी अदाकारा अमरीना भट की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं इस वारदात के दौरान मृतक एक्ट्रेस का भतीजा भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि वारदात को लश्कर के तीन आतंकवादियों ने अंजाम दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
एएनआई से बात करते हुए अमरीना भट के पिता ने बताया, ‘कल रात में दो लोग उसे शूट के लिए बुलाने हमारे घर आए। इस दौरान जब अमरीना ने शूट पर जाने से मना कर दिया तो उन लोगों ने उसे गोली मार दी। अमरीना मेरे लिए एक बेटे की तरह थी।’ अमरीना भट के बहनोई जुबैर अहमद ने बताया कि अमरीना के घर दो लोग आए। फिर अमरीना को शूट के लिए बाहर बुलाया और जैसे ही वह घर से बाहर निकली तो उन्होंने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। उसने किसी का क्या बिगाड़ा था?
वहीं जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने टीवी अभिनेत्री अमरीना भट की हत्या की निंदा की है। उन्होंने कहा है कि हम आतंकी तंत्र को नष्ट करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हमले की निंदा की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि इस तरह निर्दोष महिलाओं और बच्चों पर हमला करने का कोई औचित्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, ‘अमरीना भट पर जानलेवा आतंकवादी हमले से मैं स्तब्ध हूं। दुख की बात है कि हमले में अमरीना की जान चली गई और उसका भतीजा घायल हो गया। अल्लाह उन्हें जन्नत में जगह दे।’
अमरीना सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं। देश में टिकटॉक पर बैन लगने से पहले वह इस प्लेटफार्म पर अपने वीडियो को लेकर काफी मशहूर थीं। उनके फॉलोअर्स की संख्या भी काफी थी। अमरीना को पसंद करने वाले उनके वीडियो का बेसब्री से इंतजार करते थे। इन दिनों वह इंस्टाग्राम रील बनाया करती थीं।
