अटल उत्कृष्ट विद्यालयों के शिक्षकों को तबादला सूची में शामिल किए जाने से आक्रोश

विकासनगर

राजकीय शिक्षक संघ की ब्लॉक कार्यकारिणी की बैठक में शिक्षकों ने अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को अनिवार्य ताबादला सूची में शामिल किए जाने पर आक्रोश जताया। राजकीय शिक्षक संघ की ब्लॉक कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज लांघा में शुक्रवार को संपन्न हुई। बैठक में अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को अनिवार्य ताबादला सूची में शामिल किए जाने पर आक्रोश जताया गया। शिक्षकों का कहना है कि शासनादेश के अनुसार अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में तैनात शिक्षकों का पांच वर्षों तक तबादला नहीं किया जा सकता है। राजकीय शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष तेजवीर मलिक ने कहा कि सरकार अपने ही शासनादेश का पालन नहीं कर रही है। कहा कि सुगम श्रेणी के अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में अपने चहेते शिक्षकों की तैनाती के लिए साजिश के तहत इन विद्यालयों में पहले से तैनात शिक्षकों को अनिवार्य तबादला सूची में शामिल किया जा रहा है। जिससे शिक्षक खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। कहा कि अटल उत्कृष्ट विद्यालय सेवा नियमावली के तहत पहले से तैनात शिक्षकों को पांच वर्ष तक अनिवार्य स्थानांतरण से मुक्त रखा जाएगा। इसके साथ ही उनकी सुगम की एक वर्ष की सेवा एक वर्ष दुर्गम और दुर्गम की एक वर्ष की सेवा दो वर्ष दुर्गम मानी जाएगी। कहा कि गत वर्ष अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में तैनात शिक्षकों से इन विद्यालयों में सेवा देने संबंधी सहमति मांगी गई थी और उन्हें स्क्रीनिंग परीक्षा में शामिल होने से भी छूट दी गई थी। बताया कि सीएसई पोर्टल पर भी इन्हीं शिक्षकों का ब्योरा अपलोड किया गया, जिसके आधार पर सीबीएसई से मान्यता मिली। आरोप लगाया कि अब सरकार अपने चहेते शिक्षकों को इन विद्यालयों में एडजस्ट करने के लिए पहले से कार्यरत शिक्षकों को तबादला प्रक्रिया में शामिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की साजिश का राजकीय शिक्षक संघ मुखर विरोध करेगा। इस दौरान सुधीर कांति, तेजेंद्र कुमार, अभिषेक दीक्षित, राकेश कन्नौजिया, डा. शक्ति शर्मा, डा. कुलवंत सिंह, साकिर अहमद, शैलेंद्र, रुचि मैखुरी, दीपा रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *