एसडीएम से लगाई निर्माणाधीन सड़क से अवैध कब्जा हटाने की गुहार
विकासनगर
तहसील क्षेत्र अंतर्गत तेलपुर डांडी में निर्माणाधीन सड़क पर गांव के ही कुछ लोगों की ओर से अतिक्रमण की शिकायत स्थानीय लोगों ने तहसील प्रशासन से की है। शनिवार को इस आशय का ज्ञापन सौंपने एसडीएम कार्यालय पहुंचे लोगों ने बताया कि अतिक्रमण से सड़क संकरी भी हो गई है। स्थानीय बाशिंदों ने एसडीएम विनोद कुमार को बताया कि तेलपुर डांडी में लोक निर्माण विभाग की ओर से इन दिनों सड़क सुधारीकरण का कार्य किया जा रहा है। पिछले दो माह से सड़क सुधारीकरण कार्य रुका हुआ है, जिसका कारण कुछ लोगों की ओर सार्वजनिक सड़क पर दो से तीन फीट तक अतिक्रमण कर जाना है। लोनिवि अधिकारियों और स्थानीय लोगों की ओर से अतिक्रमण हटाए जाने के लिए अवैध कब्जाधारकों को कई बार कहा गया, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। इससे सड़क संकरी हो गई है। अतिक्रमण नहीं हटाए जाने से सुधारीकरण कार्य भी रुका हुआ है, जिससे करीब पांच सौ की आबादी को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दो माह से खुदी सड़क पर रात में कई दुपहिया वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं। बरसात से पूर्व निर्माण कार्य पूरा नहीं होने पर पूरी सड़क पर कीचड़ फैल जाएगा, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाएगा। स्थानीय लोगों ने एसडीएम से सड़क पर हो रहे अतिक्रमण को हटाकर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में दिनेश चौहान, पूर्व प्रधान विजय बिंजोला, जवाहर सिंह, प्रीतम चौहान, पूरण सिंह, कुंदन सिंह, रजनी देवी, सत्येंद्र सिंह आदि शामिल रहे।
