रेहोबोथ बीच के पास प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में विमान घुसा, बाइडन को सुरक्षित जगह ले जाया गया

रेहोबोथ बीच

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन डेलावेयर में रेहोबोथ बीच स्थित जिस आवास में छुट्टी बिता रहे थे, उसके निकट के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में शनिवार को एक छोटा निजी विमान गलती से प्रवेश कर गया, जिसके बाद राष्ट्रपति और प्रथम महिला को तत्काल वहां से निकाल कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। व्हाइट हाउस और सीक्रेट सर्विस ने यह जानकारी दी। व्हाइट हाउस ने कहा कि बाइडन और उनके परिवार को कोई खतरा नहीं है और एहतियात के तौर पर ये कदम उठाए गए हैं। हालात की समीक्षा की गई और उसके बाद बाइडन और उनकी पत्नी रेहोबोथ बीच स्थित आवास में लौट आए। सीक्रेट सर्विस ने एक बयान में कहा कि विमान, ‘गलती से प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर गया था। विमान को क्षेत्र से बाहर कर दिया गया। एजेंसी ने कहा कि वह पायलट से पूछताछ करेगी और प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह उड़ान के मानक निर्देशों का पालन नहीं कर रहा था। तय नियमों के अनुसार, बाइडन की इस यात्रा के एक सप्ताह पहले संघीय विमानन प्रशासन ने उड़ान प्रतिबंधित क्षेत्रों के बारे में जानकारी जारी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *