चारधाम दर्शन को तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ी
ऋषिकेश
गंगा दशहरा से एक दिन पहले चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ गई है। पिछले दो-तीन दिन से जहां दो से ढाई हजार फोटो पंजीकरण हो रहे थे। बुधवार को पंजीकरण में 500 का इजाफा हुआ है। ऋषिकेश में बुधवार सुबह से ही बाहरी प्रांतों के तीर्थ यात्रियों के आने का सिलसिला तेज रहा। तीर्थयात्री चारधाम यात्रा बस टर्मिनल कंपाउंड स्थित फोटो पंजीकरण केंद्र का रुख करते रहे, इससे पंजीकरण केंद्र के काउंटर के आगे भीड़ जुटने लगी।
अव्यवस्था नहीं हो इस के लिए मौके पर तैनात पुलिस के जवानों ने महिला और पुरुष तीर्थयात्रियों को अलग-अलग लाइन में खड़ाकर पंजीकरण व्यवस्था बनायी। पंजीकरण केंद्र प्रबंधक प्रेमअनंत ने बताया कि गंगा दशहरा के चलते बुधवार को तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ी है। पिछले दो दिन से सुबह से शाम तक ढाई हजार पंजीकरण हो रहे थे। बुधवार को शाम तक 3 हजार यात्री पंजीकरण करा चुके थे। उधर, रोडवेज के एजीएम पीके भारती ने बताया कि बुधवार को ऋषिकेश रोडवेज डिपो की 21 बसों से 733 तीर्थयात्री चारधाम यात्रा पर रवाना हुए।
