ब्लॉक प्रमुख ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण

विकासनगर

ग्राम पंचायतों के औचक निरीक्षण के तहत गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख ने सलगा पंचायत में हो रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधान समेत संबंधित अधिकारियों को बरसात से पूर्व संपर्क मार्गों के निर्माण और सुधारीकरण करने को कहा। बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि भारत का हर गांव आदर्श गांव बनकर विकास की मुख्यधारा से जुड़े। सलगा पंचायत में निरीक्षण को पहुंचे ब्लॉक प्रमुख मठोर सिंह ने गांव में जलागम और मनरेगा के तहत हो रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। जलागम के तहत गांव बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने बरसात से पहले सभी बरसाती नालों पर चकडैम और अन्य सुरक्षा उपाय पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। मनरेगा के तहत बनाए जा रहे संपर्क मार्गों के निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रमुख ने कार्य की गुणवत्ता जांची। इसके साथ ही जॉब कार्ड भी देखे। कहा कि मनरेगा के तहत पात्र परिवारों को उचित रोजगार मुहैया कराना ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी है। इसके लिए बिना भेदभाव के प्रत्येक पात्र परिवार को मानक के अनुसार मजदूरी का समय पर भुगतान किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने वन पंचायतों की ओर से कराए जा रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। वन पंचायत के सरपंच और सदस्यों को वनों में विकास कार्यों के साथ ही वनों की सुरक्षा के प्रति सचेत रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान की होती है। गांवों के विकसित होने से ही आत्मनिर्भर भारत का निर्माण होगा। इस दौरान ज्येष्ठ उप प्रमुख भीम सिंह चौहान भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *