अशासकीय विद्यालयों से भेदभाव पर जताया रोष

नई टिहरी

अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन पर उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ ने हर्ष व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने अशासकीय विद्यालयों के साथ हो रहे भेदभाव पर नाराजगी जाहिर की।
उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष महादेव मैठाणी ने कहा कि टिहरी के अशासकीय विद्यालय सुभाष इंटर कॉलेज के छात्र मुकुल सिलस्वाल ने हाईस्कूल में 99 प्रतिशत और आयुष जुयाल ने 98.6 प्रतिशत अंक लाकर प्रदेश में पहला व दूसरा स्थान बनाया है। अशासकीय विद्यालयों की ओर से इस साल के होनहार छात्रों को पुरस्कृत करने का काम किया जायेगा। उन्होंने अशासकीय विद्यालयों के साथ हो रहे भेदभाव पर रोष जाहिर करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग की गलत नीतियों के चलते अशासकीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पाठ्य पुस्तकें, टेबलेट, कम्प्यूटर प्रयोगशाला जैसी सुविधायें नहीं दी जा रही हैं। उन्हें भी राजकीय विद्यालयों की भांति सुविधायें दी जायं, तो परिणाम और बेहतर होंगे। कहा कि सुविधायें न देने पर आंदोलन किया जायेगा। मौके पर संघ के जिला मंत्री सुरेंद्र रावत, विनोद, नवीन बडोनी, मनोहर डबराल, ममता थपलियाल, विजेंद्र रतूड़ी, राजेश डंगवाल, सौकार सिंह, कुलदीप रावत, भास्कर सेमवाल आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *