कूड़े की बदबू से निजात दिलाने को होगा दवा का छिड़काव

उत्तरकाशी

उत्तरकाशी शहर में गंगोत्री हाईवे पर तांबाखाणी सुरंग के पास कूड़ा डंपिंग जोन से उठ रही बदबू से शहरवासी परेशान हैं। यहां से कूड़ा निस्तारण की मांग जोर पकड़ने लगी है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने डीएम अभिषेक रूहेला से मिलकर शीघ्र ही शहरवासियों को गंदगी से निजात दिलाने की मांग की। डीएम ने बदबू की रोकथाम के लिए नगरपालिका को दवाओं के छिड़काव के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को स्थानीय जनप्रतिनिधि और व्यापारी बड़ी संख्या में कलक्ट्रेट परिसर स्थित डीएम कार्यालय पहुंचे। डीएम अभिषेक रूहेला ने कुछ देर व्यापारियों के साथ बैठक कर कूड़ा निस्तारण की समस्या पर चर्चा की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि तांबाखाणी सुरंग के पास गंगोत्री हाईवे पर नगरपालिका की ओर से बेतरतीब कूड़ा डंप किया जा रहा है, जिसकी दुर्गंध उत्तरकाशी के साथ ही जोशियाड़ा तक फैल रही है। जिससे लोग परेशान हैं। इससे इलाके में महामारी का खतरा बना है। यहां डंप गंदगी गंगा में भी गिर रही है, जिससे तीर्थयात्रियों में भी गलत संदेश जा रहा है। व्यापारियों ने कहा कि यात्री अक्सर हाईवे से उठ रही दुर्गंध की शिकायत करते हैं। बीते गुरुवार को आंबेडकर मोहल्लावासी भी बदबू से परेशान होकर सुरंग में धरना प्रदर्शन करने पहुंचे थे। लोगों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए डीएम अभिषेक रूहेला ने कहा कि नगर पालिका क्लोरीन दवा छिड़क कर फौरी राहत देने का काम करे। मौके पर ओम प्रकाश भट्ट, सुधा गुप्ता, यशपाल वशिष्ठ, अमरीकन पुरी, नगरपालिका सफाई निरीक्षक कुसुम राणा, सुभाष बडोनी आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *