महाराष्ट्र पुलिस ने नुपुर और नवीन को किया तलब

-पैगंबर पर टिप्पणी का मामला

ठाणे

महाराष्ट्र की भिवंडी पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा को पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में तलब कर सोमवार को बयान दर्ज कराने के लिए कहा है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चेतन काकड़े ने संवाददाताओं से कहा कि इसके अलावा, भाजपा से निष्कासित पार्टी पदाधिकारी नवीन कुमार जिंदल को भी ठाणे जिले की भिवंडी पुलिस ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ उनके कथित विवादास्पद ट्वीट पर 15 जून को अपना बयान दर्ज कराने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि रजा अकादमी के एक प्रतिनिधि द्वारा 30 मई को दर्ज कराई गई शिकायत के बाद भिवंडी पुलिस ने नुपुर शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्होंने नवीन कुमार जिंदल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। इससे पहले ठाणे में मुंब्रा पुलिस ने नुपुर शर्मा को 22 जून को उनके सामने पेश होकर पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में अपना बयान दर्ज कराने के लिए कहा था। इसके अलावा मुंबई पुलिस ने भी नुपुर शर्मा को समन जारी कर इस मामले में बयान दर्ज कराने के लिए 25 जून को पेश होने के लिए कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *