डॉलर के मुकाबले 13 पैस कमजोर हुआ रुपया

नई दिल्ली

विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 13 पैसे की गिरावट के साथ अपने नये सर्वकालिक रिकार्ड निचले स्तर 78.17 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में निराशाजनक कारोबार तथा विदेशी पूंजी की सतत निकासी के कारण निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित होने से यह गिरावट आई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 77.99 के भाव पर खुला। कारोबार के अंत में रुपया अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले 13 पैसे की गिरावट के साथ 78.17 प्रति डॉलर रह गया।
मंगलवार को रुपया 78.04 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 152.18 अंक की गिरावट के साथ 52,541.39 अंक पर बंद हुआ। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.64 प्रतिशत घटकर 104.84 रह गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा का दाम 1.07 प्रतिशत घटकर 119.87 डॉलर प्रति बैरल रह गया। शेयर बाजार के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को शुद्ध रूप से 4,502.25 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *