राष्ट्रमंडल खेलों से पहले राष्ट्रीय कैंप पहुंची पुरुष टीम

नयी दिल्ली

भारतीय पुरुष हॉकी टीम यूरोप में बेल्जियम और नीदरलैंड के खिलाफ एफआईएच प्रो लीग में शानदार प्रदर्शन के बाद बेंगलुरू के राष्ट्रीय कैम्प लौट आई है।
हॉकी इंडिया ने बेंगलुरू के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) सेंटर में राष्ट्रीय कैंप के लिये 31 खिलाडिय़ों को नामित किया है, जो इंग्लैंड के बर्मिंघम में होने वाले 2022 राष्ट्रमंडल खेलों के लिये रवाना होने से पहले 23 जुलाई तक यहां तैयारी करेंगे।
भारतीय टीम के कोच ग्राहम रीड ने कैंप के बारे में कहा, यूरोप मे एफआईएच प्रो लीग मैचों के बाद खिलाडिय़ों को छह दिन का अवकाश दिया गया था ताकि वह अपने परिवार के साथ समय बिता सकें। मेरा मानना है कि इस ब्रेक ने खिलाडिय़ों को मानसिक और शारीरिक तौर पर तरोताज़ा होकर वापस लौटने में मदद की है।
उन्होंने कहा, हम अगले तीन हफ्ते अपने प्रदर्शन को सुधारने पर ध्यान देंगे। एफआईएच प्रो लीग में हमारे पास सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ खेलने का अवसर था। मैंने कुछ ऐसे पहलुओं की शनाख्त की है जहां हम सुधार कर सकते हैं। हम बेंगलुरु में आगामी हफ्तों में इसी पर ध्यान देंगे। राष्ट्रमंडल खेल एक बड़ा आयोजन है जहां विश्व रैंकिंग पॉइंट भी दांव पर लगे हैं, इसलिये हम बर्मिंघम में बेहतरीन प्रदर्शन की ओर देख रहे हैं।
शिविर में पीआर श्रीजेश, कृष्ण बी पाठक, पवन, सुरेंद्र कुमार, हरमनप्रीत सिंह, वरुण कुमार, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, जरमनप्रीत सिंह, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, शमशेर सिंह, विवेक सागर प्रसाद, आकाशदीप सिंह, नीलकांत शर्मा, गुरजंत सिंह, मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, अभिषेक, गुरसाहिबजीत सिंह, मंदीप मोर, संजय मोहम्मद राहील मौसेन, सुमित, मोइरंगथेम रबीचंद्र सिंह, गुरिंदर सिंह, जसकरन, आशीष कुमार टोपनो और शिलानंद लकड़ा को शामिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *