विधायक ने दिए नदी, नालों से सटी बस्तियों में बाढ़ सुरक्षा कार्यों की डीपीआर तैयार करने के निर्देश 

विकासनगर

बरसात में उफान पर आए नदी नालों का पानी आवासीय बस्तियों में घुसने के बाद अब जिम्मेदार हरकत में आ रहे हैं। बुधवार को सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने सुद्धोवाला स्थित अपने आवास पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें आवासीय बस्तियों के नजदीक बाढ़ सुरक्षा के वैकल्पिक उपाय करने के निर्देश दिए। विधायक पुंडीर ने अधिकारियों को बताया कि आसन नदी का जल स्तर बढ़ने से भूड़पुर में आवासीय बस्ती में पानी पहुंच रहा है, जिससे निचले हिस्से में बसी बस्ती पर खतरा मंडराने लगा है। इसके साथ ही शीतला और रवासन नदी भी उफान पर होने से बस्ती और कृषि भूमि के लिए खतरा बन रही हैं। जबकि शिमला बाईपास के गांवों में आधा दर्जन से अधिक नाले हर दिन उफान पर आने से ग्रामीणों के लिए मुसीबत का सबब बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के बीच में नदी, नालों पर बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए जाने मुमकिन नहीं हैं। ऐसे में बस्तियों के किनारे वैकल्पिक उपाय किए जाने जरूरी हैं, जिससे आबादी को नुकसान से बचाया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को सभी नदी नालों पर होने वाले बाढ़ सुरक्षा कार्यों की डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। बताया कि अगली बरसात से पहले सभी बाढ़ सुरक्षा कार्य पूरे किए जाने चाहिए। इस दौरान अधिशासी अभियंता रघुवीर सिंह गुसाई, भगत सिंह राठौर, सुखदेव फर्सवाण, काकू आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *