फैक्टरी में जहरीली गैस से यूपी के चार कामगारों की मौत, दो की हालत नाजुक

(हरियाणा)

हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित रोहद औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार दोपहर बाद एक फैक्टरी में टैंक की सफाई करने उतरे चार कामगारों की जहरीली गैस से मौत हो गई और दो की हालत गंभीर है। मृतक और गंभीर लोग उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। बेहोशी की हालत में दो श्रमिकों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इनकी गई जान
राजबीर पुत्र तेजराम, निवासी कपेंधीना, तिहार, उत्तर प्रदेश
अजय कुमार पुत्र राम सुमिरन, निवासी मदिरापुर, नवाबगंज, शहाजहांपुर (यूपी)
जगतपाल पुत्र बादशाह. निवासी मदिरापुर, शहाजहांपुर, (यूपी)
प्रकाश पुत्र मैकू, निवासी रोटी, बुढ़ेरा, बाराबंकी, (यूपी)
जिलाधीश ने मामले की जांच के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक कमेटी बना दी है। रोहद औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्टरी एरोफ्लेक्स लिमिटेड में गैसकट पेपर बनते हैं। इस काम में कई प्रकार के रसायनों का इस्तेमाल किया जाता है। रसायनों का अपशिष्ट जल फैक्टरी के पीछे बने करीब पांच फुट गहरे गड्ढे में जाता है। जब ये भर जाता है तो ट्रैक्टर-टैंकर में भरकर अपशिष्ट जल को निकाला जाता है।
बुधवार को इस टैंक से अपशिष्ट जल को टैंकर में भरा गया। घटना के वक्त मौके पर रहे कर्मचारियों ने बताया कि नीचे करीब दो फुट गाद रह गई तो उसको निकालने फैक्टरी का एक मजदूर को उतारा गया। गाद हिलने के कुछ ही पल के बाद वह बेहोश होकर अंदर ही गिर गया। उसको निकालने के लिए दूसरा कर्मचारी उतरा तो वह भी गिर गया। इस प्रकार एक के बाद एक उतरे छह कर्मचारी जहरीली गैस से बेहोश हो गए।
सूचना मिलने के बाद फैक्टरी में हड़कंप मच गया। किसी तरह रस्सियों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया और शहर के जीवन ज्योति अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन यहां डॉक्टर ने जांच के बाद चार मजूदरों को मृत घोषित कर दिया। चारों मृतक यूपी के रहने वाले थे। अस्पताल में भर्ती दो अन्य मजदूर भी यूपी के रहने वाले हैं। अस्पताल के बाहर जुटे कामगारों ने बताया कि घटना के बाद फैक्टरी के मालिक गायब हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह और पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम मौके पर पहुंचे और मामले का जायजा लिया। अस्पताल पहुंच कर डीसी ने दोनों भर्ती श्रमिकों का हाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज का निर्देश दिया। एसपी वसीम अकरम ने बताया कि पीड़ित परिवारों से शिकायत लेकर फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।

आईसीयू में भर्ती कामगार
मयंक पुत्र सेतपाल, निवासी मदिरापुर, शहाजहांपुर, (यूपी)
विकास पुत्र राधेश्याम, निवासी मदिरापुर, शहाजहांपुर, (यूपी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *