पांच व्यापारियों के चालान कर 6किलो पॉलीथिन जब्त की
विकासनगर
नगर पालिका परिषद हरबर्टपुर ने शुक्रवार को पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया। दुकानों में छापेमारी कर नगर पालिका परिषद की टीम ने पांच व्यापारियों के चालान काटकर बारह सौ रुपये का जुर्माना वसूल किया। टीम ने छह किलो पॉलीथिन भी जब्त की। पालिका परिषद की टीम ने देहरादून रोड, विकासनगर रोड, हरबर्टपुर चौक, पांवटा रोड, सहारनपुर रोड पर पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने पांच व्यापारियों की दुकानों से करीब छह किलो पॉलीथिन को जब्त किया। व्यापारियों से बारह सौ रुपये का अर्थदंड वसूल किया गया। टीम ने साथ ही चेतावनी दी है कि दोबारा पॉलीथिन का उपयोग करते हुए पकड़े गये तो पांच हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल किया जायेगा। इस दौरान कई व्यापारियों ने अभियान की भनक लगने पर अपनी अपनी दुकानों से पॉलीथिन को छुपा दिया। वहीं, पालिका कर्मियों ने व्यापारियों व नागरिको से पॉलीथीन का उपयोग न करने की अपील की।नगर पालिका परिषद की टीम में सेनेटरी इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह, पालिका कर्मी संदीप गुसाईं, सुंदरलाल, दीपेंद्र कुशवाह, मनीष चौहान आदि शामिल रहे।
