डॉ. मनोहर अरोड़ा को राजभाषा रत्न सम्मान
रुड़की
गांधी शांति प्रतिष्ठान सभागार नई दिल्ली में 26वें राष्ट्र भाषा विकास सम्मेलन में एनआईएच के वैज्ञानिक डॉ. मनोहर अरोड़ा को सम्मानित किया गया। सम्मेलन में साहित्यकारों, राजभाषा प्रेमियों, लेखकों, कवियों ने भाग लिया। राष्ट्रभाषा सम्मेलन में दो विषय रखे गए थे। राष्ट्रभाषा के रूप में हिंदी के गौरव हेतु हमारे सामूहिक प्रयास और भारतीय भाषा साहित्य में प्रेम और सद्भावना। इस अवसर पर समाजसेवी नारायण कुमार, अध्यक्ष निदेशक अंतर्राष्ट्रीय सहयोग परिषद, डॉ. रवि टेकचंदानी, डॉ. हरि सिंह पाल, डॉ. एसटी मेरवाड़ा, राष्ट्रीय जलविज्ञान संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मनोहर अरोड़ा ने अपने विचार रखे। डॉ. अरोड़ा ने राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान की ओर से हिंदी में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। संस्थान की ओर से आयोजित मौलिक पुस्तक पुरस्कार योजना और 17-18 अगस्त 2023 को हिंदी में आयोजित राष्ट्रीय जल संगोष्ठी के बारे में जानकारी दी। सम्मेलन में डॉ. मनोहर अरोड़ा को राजभाषा के रूप में हिंदी में श्रेष्ठ कार्यों के लिए राजभाषा रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। संस्थान के पवन कुमार को हिंदी भाषा भूषण सम्मान 2023 प्रदान किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजनक डॉ. उमा शंकर मिश्र, प्रो. लल्लन प्रसाद, डॉ. रामसरन उपस्थित रहे।

