बिट्रिश गृहमंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने ईमेल से सीएम सांवत को की शिकायत
पणजी
गोवा में प्रॉपर्टी से जुड़ा एक नया विवाद सामने आया है, इसका सीधा अंतरराष्ट्रीय संबंध है। मामले में गोवा के सीएम प्रमोद सावंत से ईमेल के जरिए शिकायत भी की गई। दरअसल, ब्रिटेन की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन के पिता क्रिस्टी फर्नांडीज की गोवा में दो प्रॉपर्टी हैं, जिन्हें एक अज्ञात शख्स ने पावर ऑफ एटार्नी के द्वारा हथियाने का प्रयास किया गया है। मामले में ब्रिटेन की गृहमंत्री ब्रेवरमैन के पिता ने शिकायत दर्ज कराई है कि नॉर्थ गोवा में उनकी दो पैतृक सम्पत्तियों पर एक अज्ञात व्यक्ति ने कब्जा कर लिया है। अधिकारी ने जानकारी दी कि राज्य पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है। ब्रेवरमैन भारतीय मूल की बैरिस्टर हैं और उन्हें ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने इस सप्ताह की शुरुआत में देश का नया गृह मंत्री नियुक्त किया है।
ब्रेवरमैन के पिता क्रिस्टी ने शिकायत की है कि आसगांव में कुल 13,900 वर्ग मीटर की उनकी दो प्रॉपर्टीज पर अवैध कब्जा किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शिकायत के आधार पर एसआईटी की ओर से एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू की गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शिकायत में कहा गया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने आसगांव में पावर ऑफ एटार्नी के जरिये फर्नांडीज और उनके परिवार की प्रॉपर्टी को अपने नाम पर कराने के कागजात जमा कराए थे। फर्नांडीज ने गोवा सीएम प्रमोद सावंत, पुलिस महानिदेशक जसपाल सिंह और गोवा के एनआरआई आयुक्तालय को ईमेल के द्वारा शिकायत भी भेजी है।

