पुल निर्माण में लगे 12 लोगों को ले जा रही मोटरबोट नदी में पलटी, मप्र के जूनियर इंजीनियर लापता

भुवनेश्वर

ओडिशा के मलकानगिरी में कुटुमपाली नदी में 12 लोगों को ले जा रही एक मोटरबोट बीच नदी में अचानक पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति लापता हो गया, जबकि कुछ तैर कर किनारे जा पहुंचे जब कुछ को लोगों ने बचा लिया। पुलिस के मुताबिक 9 सितंबर को पडिया ब्लॉक में यह हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि पुल के निर्माण के लिए मोटर बोट 12 लोगों को ले जा रही थी। इस मोटर बोट पर 3 बाइक भी लदी हुई थीं। अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह बीच नदी में पलट गई। नाव में सवार 12 में से छह लोग तैर कर सुरक्षित बाहर निकल आए। बाकी बचे छह में से पांच लोगों को दमकल कर्मियों ने बाहर निकाल लिया।
हालांकि एक व्यक्ति अभी भी लापता बताया जा रहा है। लापता शख्स की पहचान मध्य प्रदेश के रहने वाले जूनियर इंजीनियर कैलाश शाह के रूप में हुई है। नाव के पलटने की सही वहज पता नहीं चल पाई है लेकिन ओवरलोडिंग की वजह से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *