पौड़ी में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
पौड़ी
यूकेएसएससी भर्ती घोटाले, विधानसभा में बैकडोर नियुक्ति के विरोध को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने सरकार का पुतला फूंकते हुए भर्ती घोटाले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की। मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा सरकार के विरोध में जिला कार्यालय से स्टेशन तक रैली निकाली गई व पुतला दहन किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष विनोद नेगी ने कहा कि एक आम गरीब आदमी अपनी जिंदगी की जमा पूंजी लगाकर दिन रात मेहनत करके अपने बच्चों को अच्छे कोचिंग सेंटर में सरकारी नौकरी की तैयारी करवाता है। लेकिन जब उसे पेपर देने के बाद पता है कि उस भर्ती में धांधली हुई है तो वह अपने को ठगा महसूस करता है और उसका मनोबल टूट जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने कार्यकाल में एक भी भर्ती बिना धांधली के नहीं करा पाई है। वन आरक्षी, बीडीओ, पुलिस, विधानसभा, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, सहकारिता में बड़े स्तर पर घोटाला किया गया है। जिसमें पैसे लेकर अपने लोगों का लगाया है।

