डेंगू की रोकथाम को आपसी समन्वय से कार्य करें अधिकारी : डीएम

नई टिहरी

डीएम ने जिले में डेंगू की रोकथाम व नियंत्रण के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को डेंगू की रोकथाम के लिए अनुश्रवण एवं निगरानी के लिए एक नोडल अधिकारी नामित कर संचालित गतिविधियों की साप्ताहिक समीक्षा करने के साथ ही आम जनमानस को डेंगू सम्बन्धित जागरूकता एवं समुचित जानकारी प्रदान करने के लिए 104 हेल्पलाइन का उपयोग करने के निर्देश दिए। बुधवार को डीएम डॉ. सौरभ गहरवार ने जिलास्तरीय अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक लेते हुए डेंगू की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनमानस को डेंगू मच्छर के पनपने व स्वयं के बचाव पर जागरूक किया जाए। साथ ही विद्यालय परिसर में प्रार्थना सभाओं के दौरान छात्र-छात्राओं को डेंगू रोग से बचाव के उपायों पर सजग किया जाय। डीएम ने सभी राजकीय कार्यालयों में डेंगू मुक्त वातावरण रखने, भीड़-भाड़ वाले स्थल पर विशेष निगरानी रखे जाने, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निरन्तर स्वच्छता अभियान चलाये जाने आदि के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही डीएम ने शिक्षा विभाग को विशेष निर्देश देते हुए विद्यालय परिसर में कहीं पानी जमा न होने, परिसर में साफ-सफाई करने, निरन्तर घास कटान करने विद्यार्थियों को पूरी बाजू की शर्ट, लम्बी जुराबों वाली ड्रेस पहनने के निर्देश देने, डेंगू से बचाव के उपायों पर छात्र-छात्राओं की जागरूकता के लिए सेमिनार, वाद-विवाद, पोस्टर चित्रकला, निबन्ध लेखन व प्रोजेक्ट वर्क आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *