गदेरे में नहाने गए 2 बच्चों की डूबने से मौत

श्रीनगर गढ़वाल

श्रीनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बिल्वकेदार गदेरे में नहाने के दौरान दो मासूम बच्चों की डूब कर मौत हो गई। बुधवार देर शाम को हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। दोनों मासूम खेलने का बहाना बनाकर घर से निकले थे। जब देर शाम तक दोनों घर नहीं पहुंचे तो उनके घरवालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। देर रात खोजबीन करने पर दोनों मासूमों के शव गदेरे में बने तालाब में डूबे हुए मिले। श्रीनगर कोतवाली के एसएसआई संतोष पैथवाल ने बताया कि रात 11:20 बजे चरण सिंह तथा महेश सिंह निवासी बिल्वकेदार ने थाने पर आकर सूचना दी कि उनके पुत्र सक्षम(13) पुत्र चरण सिंह तथा मयंक(10) पुत्र महेश सिंह शाम के समय करीब 6 बजे घर से देवभूमि स्कूल की तरफ खेलने के लिए गए थे। लेकिन तब से वापस घर नहीं लौटे हैं। इस पर थाने से तत्काल बच्चों की ढूंढ खोज के लिए वरिष्ठ उप निरीक्षक संतोष पैथवाल मय प्रभारी बाजार चौकी उप निरीक्षक रणबीर सिंह रमोला के द्वारा पुलिस टीम के साथ बिल्वकेदार क्षेत्र में गुमशुदा बच्चों की तलाश की गई। रात करीब 12:30 बजे दोनों गुमशुदा बच्चों के कपड़े बिल्वकेदार गदेरे के पास तालाब में मिले। जहां पर पुलिस टीम के द्वारा तालाब में दोनो बच्चों की ढूंढ खोज की गई। दोनों बच्चों के शवों को गोताखोर महेंद्र सिंह की मदद से रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। मौके पर दोनों बच्चे मृत पाए गए। पुलिस की ओर से आवश्यक कार्यवाही कर शव परिजनों को सौंप दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *