डीईओ माध्यमिक ने सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया
विकासनगर
ब्लॉक के सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को जांचने के लिए जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) ने कई विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कई प्रश्न पूछे। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा की गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए। डीईओ सुदर्शन सिंह बिष्ट ने बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज लांघा, राइंका बरोटीवाला, उच्च प्राथमिक विद्यालय केदारावाला और राजकीय इंटर कॉलेज बरोटीवाला का औचक निरीक्षण किया। राइंका लांघा में उन्होंने इंटर भौतिक विज्ञान की कक्षा में छात्र-छात्राओं को विषय संबंधित कई प्रश्न पूछे। उच्च प्राथमिक विद्यालय केदारावाला में अभिलेखों की जांच की। किसी भी विद्यालय में छात्रों के मॉस्क नहीं लगे होने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। शिक्षकों को विद्यालयों में कोविड नियमों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए। कहा कि कोविड संक्रमण में अभी भी उतार चढ़ाव जारी है, लिहाजा विद्यालयों में कोविड नियमों का सख्ती से पालन किया जाना जरूरी है। उन्होंने सभी विद्यालयों में अभिलेखों की भी जांच की। प्रधानाचार्यों को सभी अभिलेख पूर्ण करने, मासिक परीक्षाओं को समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान खंड शिक्षाधिकारी वीपी सिंह, बीआरसी सत्येंद्र रावत आदि मौजूद रहे।
