मलबा आने से किसानों की फसलें हुई बर्बाद
विकासनगर
भारी बारिश से सेंसा-पणायसा मार्ग पर आया मलबा किसानों के खेतों में जमा हो गया। इससे फसल बर्बाद हो गई है। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। प्रभावित किसान गोपाल, भीम दत्त वर्मा आदि ने बताया कि सड़क किनारे सुरक्षा के पुख्ता उपाय नहीं होने के कारण अक्सर बरसात में मलबा खेतों में जमा हो जाता है। बताया कि इस बार सड़क किनारे सुरक्षा जाल लगाई थी, लेकिन घटिया गुणवत्ता होने के कारण जाल मलबा नहीं रोक पाया। बुधवार सुबह सड़क से आए मलबे से खेतों में उगी राजमा, धनिया, टमाटर की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। खेत मलबे से दब गए हैं। सड़क के ऊपर अभी भी भूस्खलन जारी है, जिससे अन्य खेतों के भी मलबे से दबने का खतरा बना हुआ है। इसके साथ ही सिंचाई के लिए बनाई गई हौज भी क्षतिग्रस्त हो गई है। प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। उधर, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता राजेंद्र टम्टा ने कहा कि मलबा आने से हुए नुकसान का जायजा लेकर सुरक्षा उपाय पुख्ता किए जाएंगे। इसके साथ ही किसानों को उचित माध्यम से आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाएगी।
