छात्र संघ चुनाव की तिथि जल्द घोषित करने की मांग की

विकासनगर

वीर शहीद केसरी चंद पीजी कॉलेज डाकपत्थर में छात्र संघ चुनाव कराए जाने की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य के माध्यम से श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन भेजा। छात्रों का कहना है कि उन्हें उनके अधिकार से वंचित किया जा रहा है। छात्र-छात्राओं ने बताया कि बीते दो साल कोविड संक्रमण के चलते छात्र संघ चुनाव नहीं कराए गए। अब कोविड संक्रमण नाम मात्र का रह गया है। सभी व्यवस्थाएं कोविड काल के पहले की तरह शुरू हो गई हैं, बावजूद महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं। कहा कि कोविड संक्रमण शुरू होने के बाद कई राज्यों में विधानसभा चुनाव संपन्न कराए गए। कोविड संक्रमण के चरम पर रहते हुए पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव संपन्न हुए। लेकिन छात्र संघ चुनावों को लेकर अभी भी प्रदेश सरकार और विवि प्रशासन चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि लिंगदोह कमेटी के अनुसार नवंबर माह के पहले पखवाड़े में छात्र संघ चुनाव संपन्न कराए जाने जरूरी हैं। महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनावों के जरिए ही युवा राजनीति का ककहरा सीखते हैं। लेकिन विवि प्रशासन की ओर से छात्र संघ चुनावों की तिथि घोषित नहीं की जा रही है। जिससे जाहिर होता है कि इस बार भी प्रदेश सरकार और विवि प्रशासन छात्र संघ चुनाव कराने से कतरा रहे हैं। कहा कि जल्द चुनाव की तिथि घोषित नहीं होने पर छात्र आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में निशांत केहड़ा, हर्ष शर्मा, अवनीश नौटियाल, लक्ष्मी वर्मा, नरेश, ध्वजवीर, जसपाल, सलमान, रमन ठाकुर, रोहित राणा आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *