सीडीओ ने किया चकराता ब्लॉक मुख्यालय का निरीक्षण

विकासनगर

मुख्य विकास अधिकारी ने चकराता ब्लॉक का निरीक्षण कर लंबित विकास कार्यों की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने कर्मचारियों की बैठक लेकर उनसे क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने चकराता ब्लाक में जल्द ही पर्याप्त स्टाफ तैनात करने का भी आश्वासन दिया। मंगलवार दोपहर को मुख्य विकास अधिकारी झरना कमठान ने चकराता पहुंचकर खंड विकास कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के विषय में जानकारी ली और संबंधित दस्तावेजों का अवलोकन भी किया। उन्होंने ब्लॉक अंतर्गत चल रहे मनरेगा, राज्य वित्त, एनआरएलएम, महिला समूह, प्रधानमंत्री आवास, विधायक निधि, सांसद निधि आदि मदों से हो चुके और वर्तमान में चल रहे कार्यों की जानकारी ली। साथ ही खंड विकास अधिकारी को लंबित पड़े निर्माण का विवरण बना उन्हें रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद कर्मचारियों के साथ बैठक में कर्मचारियों ने उन्हें अपनी समस्याओं से भी अवगत कराया। उन्होंने ब्लॉक कार्यालय में नेट कनेक्टिविटी के सही नहीं होने और अन्य जरूरी उपकरणों को उपलब्ध कराए जाने की मांग रखी। जिस पर सीडीओ ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने सीडीओ को बताया कि विकासखंड के अंतर्गत 116 पंचायतों में केवल 5 ग्राम विकास अधिकारी तैनात हैं। जिस पर उन्होंने जल्द ही चकराता विकासखंड में अधिकारियों की नियुक्ति का आश्वासन दिया। विकासखंड के निरीक्षण करने के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने चकराता विकासखंड के ग्राम पंचायत जाड़ी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत द्वारा कराए कार्यों की सराहना की। बैठक में खंड विकास अधिकारी शक्ति प्रसाद भट्ट, सहायक विकास अधिकारी राजेश नेगी, ग्राम विकास अधिकारी अरविंद गौड़, शीशपाल, कुंवर, अमित, प्रकाश, मनरेगा जेई सुभाष रमोला, मनमोहन सिंह, गोविंद सिंह, नरेंद्र, विभोर अग्रवाल, विजय चौहान, कुलदीप राणा, पदम सिंह, रविता रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *