राज्यसभा सांसद ने किया बौद्ध महोत्सव-2022 का शुभारंभ

रुड़की

संस्कृति मंत्रालय,भारत सरकार उत्तराखंड जनजागृति समिति की ओर से बौद्ध महोत्सव-2022 का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ.कल्पना सैनी ने कहा कि हमें महात्मा बुद्ध के जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। जिन्होंने अहिंसा,समरसता, समानता का संदेश दिया। नगर निगम सभागार में आयोजित महोत्सव का राज्यसभा सांसद ने दीप जलाकर शुभारंभ किया। महात्मा बुद्ध की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कहा कि महात्मा बुद्ध का संदेश आज के समय में हम सबके लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि भारत की धरती से महात्मा बुद्ध का विशेष नाता रहा और महात्मा बुद्ध के सिद्धार्थ से गौतम बुद्ध बनने की कथा केवल निर्वाण प्राप्त की कथा नहीं, बल्कि यह उन सभी लोगों का मार्ग प्रशस्त करती है,जो व्यक्ति अपने ज्ञान, धनसंपदा से दूसरे की वेदना व दुख दूर करने का प्रयास करते हैं। विशिष्ट अतिथि मेयर गौरव गोयल ने महात्मा बुद्ध के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महात्मा बुद्ध का जीवन हम सभी के लिए प्रासंगिक है।जिनके जीवन में दया, क्षमा, गुण विद्यमान है। संस्थान के संरक्षक जितेंद्र सिंह ने कहा कि तमाम आक्रमणों के बाद भी बहुत कुछ चीजें आज भी हमारे बीच में हैं जो हमारा मार्ग प्रशस्त कर रही हैं। भारत की धरती से जितने भी विचार निकले उन भावों में सर्वोच्च भाव सिर्फ मानवता का केंद्र बिंदू रहा। भारत से जो भी विचार पूरे विश्व में निकला, केवल मानवता के हित को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ा यह भी हमारे लिए गौरव का विषय है। संजय अरोड़ा, नितिन त्यागी व पंकज नंदा ने कहा कि भारत का अपना महत्व दुनिया में भौतिक उन्नति के कारण तो है ही लेकिन भारत का अपना महत्व बुद्ध का देश होने की वजह से भी है। कार्यक्रम संयोजक राहुल त्यागी ने सभी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि हमारे देश की भूमि से निकलकर मानवता का पाठ पढ़ाने वाले हर देश का मूल मंत्र यह बन गया है। पूरा विश्व आज वासुदेव कुटुंबकम की भावना की ओर अग्रसर हो रहा है। महात्मा बुद्ध का भी यही मूल मंत्र रहा कि दूसरों को बदलने से पहले स्वयं को बदलें। इससे पूर्व कार्यक्रम में अतिथियों का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, बीएल अग्रवाल, राहुल कुमार,सिमोन जायसवाल, दुष्यंत वैष्णवी, शिवांगी, पार्षद हेमा बिष्ट, मनोज कुमार व अनूप राणा, कविता रावत, प्रतिभा चौहान आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *