कर्मचारियों ने की आंचल दुग्ध डेयरी कार्यालय में तालाबंदी

नई टिहरी। आंचल दुग्ध डेयरी में कार्यरत कर्मचारियों को लंबे समय से वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुये, दुग्ध डेयरी कार्यालय में तालाबंदी कर जल्द बकाया वेतन देने की मांग की है। कर्मचारियों ने जल्द मांग पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी भी दी। आंचल दुग्ध डेयरी नई टिहरी में कार्यरत कर्मचारी सुंदर सिंह नेगी ने बताया कि डेयरी में कार्यरत कर्मचारियों को बीते 54 माह से वेतन नहीं मिल पाया है। लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर वह बीते 88 दिनों से दुग्ध डेयरी के परिसर में धरने पर बैठे है, लेकिन मांग को अनसुना किया जा रहा है। बकाया वेतन न मिलने से गुस्साये कर्मचारियों ने शुक्रवार को दुग्ध डेयरी के कार्यालय में तालाबंदी की और धरने पर बैठ गये। डेयरी के कर्मचारी प्रताप सिंह राणा ने बताया कि करीब साढ़े चार साल से दुग्ध डेयरी में कार्यरत कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पाया, जिसके कारण कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति बहुत दयनीय हो चुकी है। उन्होंने बताया शासन-प्रशासन भी कर्मचारियों की मांग पर ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारियों को बकाया वेतन नहीं मिल जाता उनका धरना और कार्यालय में तालाबंदी जारी रहेगी। बताया जल्द मांग पूरी नहीं होती है, तो कर्मचारियों को आगामी पांच दिसंबर से भूख हड़ताल के लिये बाध्य होना पड़ेगा। मांग करने वालों में गिरीश चंद्र शर्मा, नारायण सिंह बुटोला, रतन सिंह, पूप्पू लाल, किशन लाल, अजीत सिंह राठी, सर्वजीत सिंह, मीना उनियाल, लक्ष्मी देवी, राकेश लाल, उज्जवल दास आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *