आदेश के बावजूद नहीं लिखवाया पेड़ काटने का मुकदमा
रुडकी
बादशाहपुर में कुछ लोगों ने हरे पेड़ काट डाले। शिकायत पर वन विभाग के कर्मचारियों ने पेड़ की लकड़ी बरामद कर ली। एसडीएम ने जांच में पेड़ श्मशान की जमीन पर होने की पुष्टि के बाद हल्का लेखपाल को मुकदमा लिखाने के आदेश दिए। आदेश के चार दिन बाद भी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
खानपुर वन चौकी प्रभारी छतरपाल सिंह को कुछ दिन पहले किसी ने सूचना दी कि बादशाहपुर में बिना अनुमति के हरे पेड़ काटे जा रहे हैं। चौकी प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां पांच-छह पेड़ कटे हुए मिले। चौकी प्रभारी इन पेड़ों की लकड़ी ग्रामीण की सुपुर्दगी में देकर लौट आए। इसके बाद मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने डीएम से मिलकर उन्हें पत्र दिया। डीएम के आदेश के बाद एसडीएम गोपाल राम बिनवाल ने नायब तहसीलदार से जांच कराई। पता चला कि पेड़ श्मशान की भूमि पर खड़े थे। जांच रिपोर्ट मिलने पर एसडीएम ने मामले में एफआईआर दर्ज कराने के आदेश हल्का लेखपाल को दिए थे। एसओ खानपुर रविंद्र कुमार का कहना है कि पेड़ काटने की कोी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

