देवप्रयाग बाह बीच बाजार पुल को लेकर सीएम से मिले विधायक कंडारी
श्रीनगर गढ़वाल
देवप्रयाग में बाह बीच बाजार में अलकनंदा नदी पर पुराने पुल पर आवाजाही के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबंध लग जाने से हो रही समस्या को देखते हुए देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुल के बंद होने पर स्थानीय लोगों की समस्या से सीएम को अवगत कराते हुए नए पुल निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति दिलाए जाने का अनुरोध किया। कंडारी ने बताया कि सीएम ने वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। उन्होंने बताया कि पूर्व में यूडीआरपी-एएफ देहरादून द्वारा पुल की स्वीकृति प्रदान की गई थी और भूमिधर को मुआवजा के रूप में 20 लाख की धनराशि भी दे दी गई थी। लेकिन कोरोना के कारण वित्तीय स्वीकृति प्रदान नहीं हो पाई थी। उन्होंने कहा कि सीएम के समक्ष उक्त समस्या रखकर देवप्रयाग बाह बीच बाजार में अलकनंदा नदी पर पुल की स्वीकृति प्रदान करते हुए कार्यक्रम निदेशक यूडीआरपी-एएफ देहरादून को निर्देशित करने का अनुरोध किया गया। उन्होंने कहा कि सीएम ने कार्यक्रम निदेशक यूडीआरपी-एएफ को निर्देशित करते हुए वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।

