रेडक्रॉस की आजीवन सदस्यता लें सभी कर्मचारी: डीएम
उत्तरकाशी
जिला सभागार में रेडक्रॉस व जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक लेते डीएम अभिषेक रूहेला ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की आजीवन सदस्य लेने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला की अध्यक्षता में भारतीय रेडक्रॉस समिति की बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने आपदा के दृष्टिगत संवेदनशील जिला उत्तरकाशी में सभी विभागों के कार्मिकों को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देने के निर्देश रेडक्रॉस को दिए। कहा कि वर्ष 1991 से अब तक समिति के सदस्यों का सत्यापन किया जाय। कहा कि प्रत्येक माह मासिक कैलेंडर तैयार करें,ताकि आगामी माह के लिए स्थान चिन्हित कर गोष्टियों/ शिविर की जानकारी आम जनमानस तक पहुचें। इस दौरान जिलाधिकारी ने भटवाड़ी प्रखंड के सुदरवर्ती पिलंग गांव में स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा शिविर लगाने के भी निर्देश दिए। बैठक में रेडक्रॉस समिति के चैयरमैन माधव प्रसाद जोशी, गंगा विचार मंच के प्रदेश संयोजक लोकेंद्र सिंह बिष्ट, सीएमओ डॉ.विनोद कुकरेती,मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश शर्मा,जुगल किशोर भट्ट,सुशील डिमरी, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष शैलेन्द्र मटूड़ा आदि मौजूद रहे।

