मानकों के अनुरूप कार्य न करने का लगाया आरोप, जांच की मांग की
चमोली
आगरचट्टी- रामड़ा तल्ला -बौखनारा शहीद रणजीत सिंह लिंक मोटर मार्ग पर वर्तमान में हो रहे पेंच वर्क एवं डामरीकरण पर जनप्रतिनिधियों ने मानकों के अनुसार कार्य न करने का आरोप लगाया है। इस संदर्भ में लोगों ने जिलाधिकारी, ईई एवं क्षेत्रीय विधायक को शिकायती पत्र भेजा है । वर्तमान में इस लिंक मोटरमार्ग पर सड़क पर पेंच वर्क एवं उसका डामरीकरण करने का कार्य प्रगति पर है। प्रधान जिनगोड़ चंदन सिंह रावत, प्रधान रामड़ा तल्ला रेवती बिष्ट, प्रधान आगर पुष्पा देवी व क्षेपंस दिनेश रावत ने कार्यदायी संस्था लोनिवि व ठेकेदार पर मानकों के अनुसार कार्य न करने का आरोप लगाते हुये शिकायती पत्र भेज कर इस कार्य की जांच करने की मांग की है। प्रधान रेवती बिष्ट का कहना है कि लम्बे आंदोलन के बाद सड़क की मरम्मत हो रही है लेकिन सड़क पर मानकों के अनुसार कार्य नहीं हो रहा है तथा निर्माणदायी संस्था सरकार पर चूना लगा रही है। इस संबंध में लोनिवि खंड गैरसैंण के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार का कहना है कि प्रकरण उनके संज्ञान में आया है। मानकों के अनुसार कार्य संपादित करने के लिए संबंधित को अवगत करा दिया गया है।

