पोरा गांव में जेवर और नगदी उठा ले गए चोर

उत्तरकाशी। पुरोला ब्लॉक के पोरा गांव में चोर एक घर में रखी ज्वेलरी, नगदी व अन्य सामान उठा कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और खोजबीन शुरू कर दी है। थाना पुरोला से मिली जानकरी के अनुसार गत तीन दिन पूर्व पुरोला के पोरा गांव में कुछ अज्ञात चोरों ने रमेश चंद्र पुत्र गणेश लाल के घर का ताला तोड़कर घर में रखी लाखों की ज्वेलरी व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। मामला तब संज्ञान में आया जब दूसरे दिन रमेश चंद्र अपने घर पोरा गांव पहुंचा। जहां घर में रखा सामान पूरी तरह बिखरा पड़ा था। जिसे देख उसके होश उड़ गए। इसके बाद उसने पुरोला चौकी में तहरीर दी। बताया कि गत बुधवार को वह अपने भाई के मकान का लेंटर पड़ने के काम से पुरोला बाज़ार आया था तथा गुरुवार को जब पुरोला से अपने परिवार के साथ गांव लौटा तो घर जाकर देखने पर दो कमरों के ताले टूटने के साथ ही सामान कमरों में बिखरा पड़ा था। थानाध्यक्ष खजान सिंह चौहान ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है तथा एसओजी व पुलिस टीम ने मौका मुयायना कर पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *