लापता युवती की बरामदगी नहीं होने पर रुड़की कोतवाली में धरना
रुड़की
प्रेम प्रसंग में घर से फरार युवती की बरामदगी नहीं होने पर ग्रामीण रुड़की कोतवाली में धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों को धरने पर बैठा देख सूचना उच्चाधिकारियों तक पहुंची। पुलिस ने गुस्साएं ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस का कहना है कि युवती की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के भी प्रयास जारी है। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। वही खुफिया विभाग ने भी मामला दो समुदाय से जुड़ा होने पर सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। दोनों पक्षों की गतिविधियों पर भी पुलिस नजर बनाए हुए हैं। प्रेमी के परिचितों से भी पुलिस की पूछताछ जारी है। प्रेमी युगल के फोन नंबरों को भी पुलिस ने खंगालना शुरू कर दिया है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा से 20 वर्षीय युवती घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर से जांच पड़ताल की तो पता चला कि युवती का पड़ोसी से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। दोनों के परिजनों को प्रेम प्रसंग की भनक लग चुकी थी। युवती के परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी ने पुत्री को बहला-फुसलाकर प्रेम जाल में फंसाया और मौका मिलने पर युवती को अपने साथ ले गया। मामला पुलिस तक पहुंचा तो परिजनों ने पड़ोसी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पड़ोसी के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया। रुड़की सीओ पल्लवी त्यागी ने बताया कि धरने पर बैठे ग्रामीणों को समझा-बुझाकर वापस भेज दिया गया। युवती की बरामदगी के हर संभव प्रयास जारी हैं।

