टिहरी विस्थापित ग्रामों को अनारक्षित घोषित करने का नोटिफिकेशन जल्द हो

हरिद्वार

पथरी के टिहरी विस्थापित क्षेत्र में चल रहे बंदोबस्त के कार्य की समीक्षा बैठक सामुदायिक केंद्र में आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्रवासियों ने उपजिलाधिकारी पूरण सिंह राणा से टिहरी विस्थापित ग्रामों को आरक्षित से अनारक्षित घोषित किए जाने, सर्वे और बंदोबस्त संक्रियाएं प्रारंभ करने का नोटिफिकेशन जल्द जारी कराने की मांग की। वहीं बैठक में एसडीएम ने पुनर्वास विभाग और वन विभाग के अधिकारी कर्मचारियों को आगामी शुक्रवार को तहसील हरिद्वार में तलब किया है। मंगलवार को आयोजित बैठक में एसडीएम को उपस्थित बंदोबस्त विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि आदर्श टिहरी और टिहरी डोब नगर में सर्वे कार्य पूर्ण हो चुका है। लेकिन ग्राम को आरक्षित वन से अनारक्षित घोषित किए जाने का कार्य शासन स्तर पर लंबित है। ग्राम टिहरी भागीरथी नगर का कार्य भी समाप्त हो चुका है। लेकिन ग्राम में काश्तकारों को संक्रमणीय भूमिधरी के अधिकार दिए जाने का आदेश शासन स्तर पर लंबित है। ग्राम घोंटी, छाम, टिहरी विकासनगर और टिहरी बंदराकोटि के संबंध में पुनर्वास विभाग द्वारा सीमा विवाद पिलरबंदी आदि कार्य किया जाना है। एसडीएम ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं के संबंध में पुनर्वास और वन विभाग को शासन से तत्काल पत्राचार करने के निर्देश भी जारी किए। वहीं, बंदोबस्त और पुनर्वास अधिकारियों को प्राथमिकता से तीन महीने में कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी एसडीएम ने बैठक में दिए। बैठक में राजस्व निरीक्षक अनिल गुप्ता, तहसील स्टाफ, बंदोबस्त विभाग के कानूनगो और ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *