केदारघाट पर लोगों को योगासन के गुर सिखाए
उत्तरकाशी।
उत्तरकाशी के केदारघाट स्थित गंगा आरती स्थल पर रेडक्रॉस टॉक्स एंड योग वर्कशॉप कार्यक्रम के तहत योगा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने वाली योगाचार्या डॉ. प्रिया आहुजा ने स्थानीय निवासियों को योगासन कराए तथा इसके फायदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। रविवार को केदारघाट गंगा आरती स्थल पर सुबह सात बजे दीप प्रज्वलन तथा गंगा आरती के साथ योगा कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद डॉ. प्रिया आहुजा ने बच्चे, युवा और बुजुर्गों को विभिन्न योगासन करवाए। इस दौरान डॉ. प्रिया ने सूर्य नमस्कार, भुजंगासन, बुद्ध पद्मासन, भद्रासन, चक्रासन, धनुरासन, हलासन, गोमुखासन, अष्टवक्रासन आदि के योगासन करवाकर इसके फायदों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सुबह खुली हवा में योगसन करने के अलग फायदे हैं। इससे स्वस्थ जीवन की कल्पना को साकार किया जा सकता है। जीवन के हर लक्ष्य और योग और ध्यान की मदद से पाया जा सकता है। इस मौके पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन माधव प्रसाद जोशी, लोकेंद्र सिंह बिष्ट, सभासद महावीर चौहान, जय प्रकाश भट्ट, राजेश जोशी, अनिरूद्ध उभान, आकाश भट्ट आदि थे।

