चारधाम यात्रा मार्ग पर पशु क्रूरता रोकने को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
रूद्रप्रयाग
श्री केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग में संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों के साथ किसी प्रकार की कोई पशु क्रूरता न हो इसके लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. विशाखा अशोक भदाणे की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पीपुल्स फॉर एनिमल्स पशु कल्याण संगठन की सदस्य गौरी मौलखी ने प्रतिभाग कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पशु क्रूरता अधिनियम के बारे में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम दिन कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पुलिस अधीक्षक विशाखा भदाणे ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि केदारनाथ यात्रा मार्ग में संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों के साथ किसी प्रकार की कोई क्रूरता न हो इस पर सभी अधिकारी एवं कर्मचारी कड़ी निगरानी रखते हुए संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें एवं किसी घोड़े-खच्चर के साथ किसी भी प्रकार से कोई क्रूरता की जाती है तो संबंधित घोड़े-खच्चर स्वामी एवं संचालक के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत त्वरित कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। पीपुल्स फॉर एनिमल्स पशु कल्याण संगठन की सदस्य श्रीमती गौरी मौलखी ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि श्री केदारनाथ धाम की यात्रा गर्व की बात है तथा तीर्थ धाम में पशुओं के साथ किसी भी प्रकार का बुरा व्यवहार एवं क्रूरता की जाती है तो यह उत्तराखंड के लिए अच्छी बात नहीं है इसके लिए उन्होंने यात्रा मार्ग में तैनात किए गए अधिकारियों से कहा कि यात्रा मार्ग में संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों के साथ किसी भी प्रकार से कोई पशु क्रूरता न हो इस पर सभी अधिकारी एवं कर्मचारी कड़ी निगरानी रखें।

