श्रमिकों को नहीं मिल रहा योजनाओं का लाभ
चमोली
चमोली जिले में पंजीकृत श्रमिकों को तीन साल से श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। मंडल घाटी के ग्राम पंचायत सगर के सत्येंद्र रावत ने मुख्य विकास अधिकारी डा. ललित नारायण मिश्र को ज्ञापन सौंपकर कहा कि मौजूदा समय में प्रदेश सरकार की ओर से पंजीकृत श्रमिकों को श्रम विभाग के माध्यम से अनेक कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। लेकिन पिछले तीन साल से किसी भी श्रमिक का योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। श्रमिकों की बेटियों की शादी के लिए अंशदान भी नहीं मिल रहा है। श्रमिकों की मृत्यु पर पीड़ित परिवार को सहायता राशि का भुगतान भी नहीं हो पा रहा है। कई श्रमिक दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से गोपेश्वर पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें मायूस लौटना पड़ रहा है। उन्होंने मामले का संज्ञान लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई है।

